---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 268"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-268"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 268

**चौ०** 
> लखि सब बिधि गुर स्वामि सनेहू। मिटेउ छोभु नहिं मन संदेहू॥  
> अब करुनाकर कीजिअ सोई। जन हित प्रभु चित छोभु न होई॥१॥

भावार्थ: गुरु और स्वामीका सब प्रकारसे स्नेह देखकर मेरा क्षोभ मिट गया, मनमें कुछ भी सन्देह नहीं रहा। हे दयाकी खान! अब वही कीजिये जिससे दासके लिये प्रभुके चित्तमें क्षोभ ( किसी प्रकारका विचार ) न हो॥ १ ॥

**चौ०** 
> जो सेवकु साहिबहि सँकोची। निज हित चहइ तासु मति पोची॥  
> सेवक हित साहिब सेवकाई। करै सकल सुख लोभ बिहाई॥२॥

भावार्थ: जो सेवक स्वामीको संकोचमें डालकर अपना भला चाहता है, उसकी बुद्धि नीच है। सेवकका हित तो इसीमें है कि वह समस्त सुखों और लोभोंको छोड़कर स्वामीकी सेवा ही करे॥ २ ॥

**चौ०** 
> स्वारथु नाथ फिरें सबही का। किएँ रजाइ कोटि बिधि नीका॥  
> यह स्वारथ परमारथ सारू। सकल सुकृत फल सुगति सिंगारू॥३॥

भावार्थ: हे नाथ! आपके लौटनेमें सभीका स्वार्थ है, और आपकी आज्ञा पालन करनेमें करोड़ों प्रकारसे कल्याण है। यही स्वार्थ और परमार्थका सार ( निचोड़ ) है, समस्त पुण्योंका फल और सम्पूर्ण शुभ गतियोंका शृङ्गार है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> देव एक बिनती सुनि मोरी। उचित होइ तस करब बहोरी॥  
> तिलक समाजु साजि सबु आना। करिअ सुफल प्रभु जौं मनु माना॥४॥

भावार्थ: हे देव! आप मेरी एक विनती सुनकर, फिर जैसा उचित हो वैसा ही कीजिये। राजतिलककी सब सामग्री सजाकर लायी गयी है, जो प्रभुका मन माने तो उसे सफल कीजिये ( उसका उपयोग कीजिये )॥ ४ ॥

**दो०** 
> सानुज पठइअ मोहि बन कीजिअ सबहि सनाथ।  
> नतरु फेरिअहिं बंधु दोउ नाथ चलौं मैं साथ॥२६८॥

भावार्थ: छोटे भाई शत्रुघ्नसमेत मुझे वनमें भेज दीजिये और [ अयोध्या लौटकर ] सबको सनाथ कीजिये। नहीं तो किसी तरह भी ( यदि आप अयोध्या जानेको तैयार न हों ) हे नाथ! लक्ष्मण और शत्रुघ्न दोनों भाइयोंको लौटा दीजिये और मैं आपके साथ चलूँ॥ २६८ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-267  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-269

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
