---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 262"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-262"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 262

**चौ०** 
> भूपति मरन पेम पनु राखी। जननी कुमति जगतु सबु साखी॥  
> देखि न जाहिं बिकल महतारीं। जरहिं दुसह जर पुर नर नारीं॥१॥

भावार्थ: प्रेमके प्रणको निबाहकर महाराज ( पिताजी ) का मरना और माताकी कुबुद्धि, दोनोंका सारा संसार साक्षी है। माताएँ व्याकुल हैं, वे देखी नहीं जातीं। अवधपुरीके नर-नारी दुःसह तापसे जल रहे हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> महीं सकल अनरथ कर मूला। सो सुनि समुझि सहिउँ सब सूला॥  
> सुनि बन गवनु कीन्ह रघुनाथा। करि मुनि बेष लखन सिय साथा॥२॥  
> बिनु पानहिन्ह पयादेहि पाएँ। संकरु साखि रहेउँ एहि घाएँ॥  
> बहुरि निहारि निषाद सनेहू। कुलिस कठिन उर भयउ न बेहू॥३॥

भावार्थ: मैं ही इन सारे अनर्थोंका मूल हूँ, यह सुन और समझकर मैंने सब दुःख सहा है। श्रीरघुनाथजी लक्ष्मण और सीताजीके साथ मुनियोंका-सा वेष धारणकर बिना जूते पहने पाँव-प्यादे ( पैदल ) ही वनको चले गये, यह सुनकर, शङ्करजी साक्षी हैं, इस घावसे भी मैं जीता रह गया ( यह सुनते ही मेरे प्राण नहीं निकल गये )! फिर निषादराजका प्रेम देखकर भी इस वज्रसे भी कठोर हृदयमें छेद नहीं हुआ ( यह फटा नहीं )॥ २-३ ॥

**चौ०** 
> अब सबु आँखिन्ह देखेउँ आई। जिअत जीव जड़ सबइ सहाई॥  
> जिन्हहि निरखि मग साँपिनि बीछी। तजहिं बिषम बिषु तामस तीछी॥४॥

भावार्थ: अब यहाँ आकर सब आँखों देख लिया। यह जड़ जीव जीता रहकर सभी सहावेगा। जिनको देखकर रास्तेकी साँपिनी और बीछी भी अपने भयानक विष और तीव्र क्रोधको त्याग देती हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> तेइ रघुनंदनु लखनु सिय अनहित लागे जाहि।  
> तासु तनय तजि दुसह दुख दैउ सहावइ काहि॥२६२॥

भावार्थ: वे ही श्रीरघुनन्दन, लक्ष्मण और सीता जिसको शत्रु जान पड़े, उस कैकेयीके पुत्र मुझको छोड़कर दैव दुःसह दुःख और किसे सहावेगा ?॥ २६२ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-261  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-263

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
