---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 261"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-261"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 261

**चौ०** 
> बिधि न सकेउ सहि मोर दुलारा। नीच बीचु जननी मिस पारा॥  
> यहउ कहत मोहि आजु न सोभा। अपनीं समुझि साधु सुचि को भा॥१॥

भावार्थ: परन्तु विधाता मेरा दुलार न सह सका। उसने नीच माताके बहाने [ मेरे और स्वामीके बीच ] अन्तर डाल दिया। यह भी कहना आज मुझे शोभा नहीं देता। क्योंकि अपनी समझसे कौन साधु और पवित्र हुआ है ? ( जिसको दूसरे साधु और पवित्र मानें, वही साधु है )॥ १ ॥

**चौ०** 
> मातु मंदि मैं साधु सुचाली। उर अस आनत कोटि कुचाली॥  
> फरइ कि कोदव बालि सुसाली। मुकता प्रसव कि संबुक काली॥२॥

भावार्थ: माता नीच है और मैं सदाचारी और साधु हूँ, ऐसा हृदयमें लाना ही करोड़ दुराचारोंके समान है। क्या कोदोंकी बाली उत्तम धान फल सकती है ? क्या काली घोंघी मोती उत्पन्न कर सकती है ?॥ २ ॥

**चौ०** 
> सपनेहुँ दोसक लेसु न काहू। मोर अभाग उदधि अवगाहू॥  
> बिनु समुझें निज अघ परिपाकू। जारिउँ जायँ जननि कहि काकू॥३॥

भावार्थ: स्वप्नमें भी किसीको दोषका लेश भी नहीं है। मेरा अभाग्य ही अथाह समुद्र है। मैंने अपने पापोंका परिणाम समझे बिना ही माताको कटु वचन कहकर व्यर्थ ही जलाया॥ ३ ॥

**चौ०** 
> हृदयँ हेरि हारेउँ सब ओरा। एकहि भाँति भलेहिं भल मोरा॥  
> गुर गोसाइँ साहिब सिय रामू। लागत मोहि नीक परिनामू॥४॥

भावार्थ: मैं अपने हृदयमें सब ओर खोजकर हार गया ( मेरी भलाईका कोई साधन नहीं सूझता )। एक ही प्रकार भले ही ( निश्चय ही ) मेरा भला है। वह यह है कि गुरु महाराज सर्वसमर्थ हैं और श्रीसीतारामजी मेरे स्वामी हैं। इसीसे परिणाम मुझे अच्छा जान पड़ता है॥ ४ ॥

**दो०** 
> साधु सभाँ गुर प्रभु निकट कहउँ सुथल सतिभाउ।  
> प्रेम प्रपंचु कि झूठ फुर जानहिं मुनि रघुराउ॥२६१॥

भावार्थ: साधुओंकी सभामें गुरुजी और स्वामीके समीप इस पवित्र तीर्थ-स्थानमें मैं सत्य भावसे कहता हूँ। यह प्रेम है या प्रपञ्च ( छल-कपट ) ? झूठ है या सच ? इसे [ सर्वज्ञ ] मुनि वसिष्ठजी और [ अन्तर्यामी ] श्रीरघुनाथजी जानते हैं॥ २६१ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-260  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-262

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
