---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 26"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-26"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 26

**चौ०** 
> अनहित तोर प्रिया केइँ कीन्हा। केहि दुइ सिर केहि जमु चह लीन्हा॥  
> कहु केहि रंकहि करौं नरेसू। कहु केहि नृपहि निकासौं देसू॥१॥

भावार्थ: हे प्रिये! किसने तेरा अनिष्ट किया? किसके दो सिर हैं? यमराज किसको लेना ( अपने लोकको ले जाना ) चाहते हैं ? कह, किस कंगालको राजा कर दूँ या किस राजाको देशसे निकाल दूँ॥ १ ॥

**चौ०** 
> सकउँ तोर अरि अमरउ मारी। काह कीट बपुरे नर नारी॥  
> जानसि मोर सुभाउ बरोरू। मनु तव आनन चंद चकोरू॥२॥

भावार्थ: तेरा शत्रु अमर ( देवता ) भी हो, तो मैं उसे भी मार सकता हूँ। बेचारे कीड़े-मकोड़े-सरीखे नर-नारी तो चीज ही क्या हैं। हे सुन्दरि! तू तो मेरा स्वभाव जानती ही है कि मेरा मन सदा तेरे मुखरूपी चन्द्रमाका चकोर है॥ २ ॥

**चौ०** 
> प्रिया प्रान सुत सरबसु मोरें। परिजन प्रजा सकल बस तोरें॥  
> जौं कछु कहौं कपटु करि तोही। भामिनि राम सपथ सत मोही॥३॥

भावार्थ: हे प्रिये! मेरी प्रजा, कुटुम्बी, सर्वस्व ( सम्पत्ति ), पुत्र, यहाँतक कि मेरे प्राण भी,ये सब तेरे वशमें ( अधीन ) हैं। यदि मैं तुझसे कुछ कपट करके कहता होऊँ तो हे भामिनी! मुझे सौ बार रामकी सौगंध है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> बिहसि मागु मनभावति बाता। भूषन सजहि मनोहर गाता॥  
> घरी कुघरी समुझि जियँ देखू। बेगि प्रिया परिहरहि कुबेषू॥४॥

भावार्थ: तू हँसकर ( प्रसन्नतापूर्वक ) अपनी मनचाही बात माँग ले और अपने मनोहर अंगोंको आभूषणोंसे सजा। मौका-बेमौका तो मनमें विचारकर देख। हे प्रिये! जल्दी इस बुरे वेषको त्याग दे॥ ४॥

**दो०** 
> यह सुनि मन गुनि सपथ बड़ि बिहसि उठी मतिमंद।  
> भूषन सजति बिलोकि मृगु मनहुँ किरातिनि फंद॥२६॥

भावार्थ: यह सुनकर और मनमें रामजीकी बड़ी सौगन्धको विचारकर मन्दबुद्धि कैकेयी हँसती हुई उठी और गहने पहनने लगी; मानो कोई भीलनी मृगको देखकर फंदा तैयार कर रही हो!॥ २६ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-25  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-27

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
