---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 255"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-255"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 255

**चौ०** 
> सब कहुँ सुखद राम अभिषेकू। मंगल मोद मूल मग एकू॥  
> केहि बिधि अवध चलहिं रघुराऊ। कहहु समुझि सोइ करिअ उपाऊ॥१॥

भावार्थ: श्रीरामजीका राज्याभिषेक सबके लिये सुखदायक है। मङ्गल और आनन्दका मूल यही एक मार्ग है। [ अब ] श्रीरघुनाथजी अयोध्या किस प्रकार चलें ? विचारकर कहो, वही उपाय किया जाय॥ १ ॥

**चौ०** 
> सब सादर सुनि मुनिबर बानी। नय परमारथ स्वारथ सानी॥  
> उतरु न आव लोग भए भोरे। तब सिरु नाइ भरत कर जोरे॥२॥

भावार्थ: मुनिश्रेष्ठ वसिष्ठजीकी नीति, परमार्थ और स्वार्थ ( लौकिक हित ) में सनी हुई वाणी सबने आदरपूर्वक सुनी। पर किसीको कोई उत्तर नहीं आता, सब लोग भोले ( विचारशक्तिसे रहित ) हो गये। तब भरतने सिर नवाकर हाथ जोड़े॥ २ ॥

**चौ०** 
> भानुबंस भए भूप घनेरे। अधिक एक तें एक बड़ेरे॥  
> जनम हेतु सब कहँ पितु माता। करम सुभासुभ देइ बिधाता॥३॥

भावार्थ: [ और कहा— ] सूर्यवंशमें एक-से-एक अधिक बड़े बहुत-से राजा हो गये हैं। सभीके जन्मके कारण पिता-माता होते हैं और शुभ-अशुभ कर्मोंको ( कर्मोंका फल ) विधाता देते हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> दलि दुख सजइ सकल कल्याना। अस असीस राउरि जगु जाना॥  
> सो गोसाइँ बिधि गति जेहिं छेंकी। सकइ को टारि टेक जो टेकी॥४॥

भावार्थ: आपकी आशिष ही एक ऐसी है जो दुःखोंका दमन करके, समस्त कल्याणोंको सज देती है; यह जगत् जानता है। हे स्वामी! आप वही हैं जिन्होंने विधाताकी गति ( विधान ) को भी रोक दिया। आपने जो टेक टेक दी ( जो निश्चय कर दिया ) उसे कौन टाल सकता है ?॥ ४ ॥

**दो०** 
> बूझिअ मोहि उपाउ अब सो सब मोर अभागु।  
> सुनि सनेहमय बचन गुर उर उमगा अनुरागु॥२५५॥

भावार्थ: अब आप मुझसे उपाय पूछते हैं, यह सब मेरा अभाग्य है। भरतजीके प्रेममय वचनोंको सुनकर गुरुजीके हृदयमें प्रेम उमड़ आया॥ २५५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-254  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-256

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
