---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 247"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-247"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 247

**चौ०** 
> बिकल सनेहँ सीय सब रानीं। बैठन सबहि कहेउ गुर ग्यानीं॥  
> कहि जग गति मायिक मुनिनाथा। कहे कछुक परमारथ गाथा॥१॥

भावार्थ: सीताजी और सब रानियाँ स्नेहके मारे व्याकुल हैं। तब ज्ञानी गुरुने सबको बैठ जानेके लिये कहा। फिर मुनिनाथ वसिष्ठजीने जगत्‌की गतिको मायिक कहकर ( अर्थात्‌ जगत्‌ मायाका है, इसमें कुछ भी नित्य नहीं है, ऐसा कहकर ) कुछ परमार्थकी कथाएँ ( बातें ) कहीं॥१॥

**चौ०** 
> नृप कर सुरपुर गवनु सुनावा। सुनि रघुनाथ दुसह दुखु पावा॥  
> मरन हेतु निज नेहु बिचारी। भे अति बिकल धीर धुर धारी॥२॥

भावार्थ: तदनन्तर वसिष्ठजीने राजा दशरथजीके स्वर्गगमनकी बात सुनायी, जिसे सुनकर रघुनाथजीने दुःसह दुःख पाया। और अपने प्रति उनके स्नेहको उनके मरनेका कारण विचारकर धीरधुरन्धर श्रीरामचन्द्रजी अत्यन्त व्याकुल हो गये॥२॥

**चौ०** 
> कुलिस कठोर सुनत कटु बानी। बिलपत लखन सीय सब रानी॥  
> सोक बिकल अति सकल समाजू। मानहुँ राजु अकाजेउ आजू॥३॥

भावार्थ: वज्रके समान कठोर, कड़वी वाणी सुनकर लक्ष्मणजी, सीताजी और सब रानियाँ विलाप करने लगीं। सारा समाज शोकसे अत्यन्त व्याकुल हो गया! मानो राजा आज ही मरे हों॥३॥

**चौ०** 
> मुनिबर बहुरि राम समुझाए। सहित समाज सुसरित नहाए॥  
> ब्रतु निरंबु तेहि दिन प्रभु कीन्हा। मुनिहु कहें जलु काहुँ न लीन्हा॥४॥

भावार्थ: फिर मुनिश्रेष्ठ वसिष्ठजीने श्रीरामजीको समझाया। तब उन्होंने समाजसहित श्रेष्ठ नदी मन्दाकिनीजीमें स्नान किया। उस दिन प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने निर्जल व्रत किया। मुनि वसिष्ठजीके कहनेपर भी किसीने जल ग्रहण नहीं किया॥४॥

**दो०** 
> भोरु भएँ रघुनंदनहि जो मुनि आयसु दीन्ह।  
> श्रद्धा भगति समेत प्रभु सो सबु सादरु कीन्ह॥२४७॥

भावार्थ: दूसरे दिन सबेरा होनेपर मुनि वसिष्ठजीने श्रीरघुनाथजीको जो-जो आज्ञा दी, वह सब कार्य प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने श्रद्धा-भक्तिसहित आदरके साथ किया॥२४७॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-246  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-248

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
