---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 23"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-23"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 23

कैकेयीका कोपभवनमें जाना

**चौ०** 
> कुबरिहि रानि प्रानप्रिय जानी। बार बार बड़ि बुद्धि बखानी॥  
> तोहि सम हित न मोर संसारा। बहे जात कइ भइसि अधारा॥१॥

भावार्थ: कुबरीको रानीने प्राणोंके समान प्रिय समझकर बार-बार उसकी बड़ी बुद्धिका बखान किया और बोली—संसारमें मेरा तेरे समान हितकारी और कोई नहीं है। तू मुझ बही जाती हुईके लिये सहारा हुई है॥ १ ॥

**चौ०** 
> जौं बिधि पुरब मनोरथु काली। करौं तोहि चख पूतरि आली॥  
> बहुबिधि चेरिहि आदरु देई। कोपभवन गवनी कैकेई॥२॥

भावार्थ: यदि विधाता कल मेरा मनोरथ पूरा कर दें तो हे सखी! मैं तुझे आँखोंकी पुतली बना लूँ। इस प्रकार दासीको बहुत तरहसे आदर देकर कैकेयी कोपभवनमें चली गयी॥ २ ॥

**चौ०** 
> बिपति बीजु बरषा रितु चेरी। भुइँ भइ कुमति कैकई केरी॥  
> पाइ कपट जलु अंकुर जामा। बर दोउ दल दुख फल परिनामा॥३॥

भावार्थ: विपत्ति ( कलह ) बीज है, दासी वर्षा-ऋतु है, कैकेयीकी कुबुद्धि [ उस बीजके बोनेके लिये ] जमीन हो गयी। उसमें कपटरूपी जल पाकर अङ्‌कुर फूट निकला। दोनों वरदान उस अङ्कुरके दो पत्ते हैं और अन्तमें इसके दुःखरूपी फल होगा॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कोप समाजु साजि सबु सोई। राजु करत निज कुमति बिगोई॥  
> राउर नगर कोलाहलु होई। यह कुचालि कछु जान न कोई॥४॥

भावार्थ: कैकेयी कोपका सब साज सजकर [ कोपभवनमें ] जा सोयी। राज्य करती हुई वह अपनी दुष्ट बुद्धिसे नष्ट हो गयी। राजमहल और नगरमें धूम-धाम मच रही है। इस कुचालको कोई कुछ नहीं जानता॥ ४ ॥

**दो०** 
> प्रमुदित पुर नर नारि सब सजहिं सुमंगलचार।  
> एक प्रबिसहिं एक निर्गमहिं भीर भूप दरबार॥२३॥

भावार्थ: बड़े ही आनन्दित होकर नगरके सब स्त्री-पुरुष शुभ मङ्गलाचारके साज सज रहे हैं। कोई भीतर जाता है, कोई बाहर निकलता है; राजद्वारमें बड़ी भीड़ हो रही है॥ २३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-22  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-24

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
