---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 200"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-200"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 200

**चौ०** 
> लालन जोगु लखन लघु लोने। भे न भाइ अस अहहिं न होने॥  
> पुरजन प्रिय पितु मातु दुलारे। सिय रघुबीरहि प्रानपिआरे॥१॥

भावार्थ: मेरे छोटे भाई लक्ष्मण बहुत ही सुन्दर और प्यार करनेयोग्य हैं। ऐसे भाई न तो किसीके हुए, न हैं, न होनेके ही हैं। जो लक्ष्मण अवधके लोगोंको प्यारे, माता-पिताके दुलारे और श्रीसीतारामजीके प्राणप्यारे हैं;॥१॥

**चौ०** 
> मृदु मूरति सुकुमार सुभाऊ। तात बाउ तन लाग न काऊ॥  
> ते बन सहहिं बिपति सब भाँती। निदरे कोटि कुलिस एहिं छाती॥२॥

भावार्थ: जिनकी कोमल मूर्ति और सुकुमार स्वभाव है, जिनके शरीरमें कभी गरम हवा भी नहीं लगी, वे वनमें सब प्रकारकी विपत्तियाँ सह रहे हैं। [ हाय! ] इस मेरी छातीने [ कठोरतामें ] करोड़ों वज्रोंका भी निरादर कर दिया [ नहीं तो यह कभीकी फट गयी होती ]॥२॥

**चौ०** 
> राम जनमि जगु कीन्ह उजागर। रूप सील सुख सब गुन सागर॥  
> पुरजन परिजन गुर पितु माता। राम सुभाउ सबहि सुखदाता॥३॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीने जन्म ( अवतार ) लेकर जगत्‌को प्रकाशित ( परम सुशोभित ) कर दिया। वे रूप, शील, सुख और समस्त गुणोंके समुद्र हैं। पुरवासी, कुटुम्बी, गुरु, पिता-माता सभीको श्रीरामजीका स्वभाव सुख देनेवाला है॥३॥

**चौ०** 
> बैरिउ राम बड़ाई करहीं। बोलनि मिलनि बिनय मन हरहीं॥  
> सारद कोटि कोटि सत सेषा। करि न सकहिं प्रभु गुन गन लेखा॥४॥

भावार्थ: शत्रु भी श्रीरामजीकी बड़ाई करते हैं। बोल-चाल, मिलनेके ढंग और विनयसे वे मनको हर लेते हैं। करोड़ों सरस्वती और अरबों शेषजी भी प्रभु श्रीरामचन्द्रजीके गुणसमूहोंकी गिनती नहीं कर सकते॥४॥

**दो०** 
> सुखस्वरूप रघुबंसमनि मंगल मोद निधान।  
> ते सोवत कुस डासि महि बिधि गति अति बलवान॥२००॥

भावार्थ: जो सुख-स्वरूप रघुवंशशिरोमणि श्रीरामचन्द्रजी मङ्गल और आनन्दके भण्डार हैं, वे पृथ्वीपर कुशा बिछाकर सोते हैं। विधाताकी गति बड़ी ही बलवान्‌ है॥२००॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-199  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-201

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
