---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 180"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-180"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 180

**चौ०** 
> कैकेई भव तनु अनुरागे। पावँर प्रान अघाइ अभागे॥  
> जौं प्रिय बिरहँ प्रान प्रिय लागे। देखब सुनब बहुत अब आगे॥१॥

भावार्थ: कैकेयीसे उत्पन्न देहमें प्रेम करनेवाले ये पामर प्राण भरपेट ( पूरी तरहसे ) अभागे हैं। जब प्रियके वियोगमें भी मुझे प्राण प्रिय लग रहे हैं तब अभी आगे मैं और भी बहुत कुछ देखूँ-सुनूँगा॥ १ ॥

**चौ०** 
> लखन राम सिय कहुँ बनु दीन्हा। पठइ अमरपुर पति हित कीन्हा॥  
> लीन्ह बिधवपन अपजसु आपू। दीन्हेउ प्रजहि सोकु संतापू॥२॥

भावार्थ: लक्ष्मण, श्रीरामजी और सीताजीको तो वन दिया; स्वर्ग भेजकर पतिका कल्याण किया; स्वयं विधवापन और अपयश लिया; प्रजाको शोक और सन्ताप दिया;॥ २ ॥

**चौ०** 
> मोहि दीन्ह सुखु सुजसु सुराजू। कीन्ह कैकईं सब कर काजू॥  
> एहि तें मोर काह अब नीका। तेहि पर देन कहहु तुम्ह टीका॥३॥

भावार्थ: और मुझे सुख, सुन्दर यश और उत्तम राज्य दिया! कैकेयीने सभीका काम बना दिया! इससे अच्छा अब मेरे लिये और क्या होगा? उसपर भी आप लोग मुझे राजतिलक देनेको कहते हैं!॥ ३ ॥

**चौ०** 
> कैकइ जठर जनमि जग माहीं। यह मोहि कहँ कछु अनुचित नाहीं॥  
> मोरि बात सब बिधिहिं बनाई। प्रजा पाँच कत करहु सहाई॥४॥

भावार्थ: कैकेयीके पेटसे जगत्‌में जन्म लेकर यह मेरे लिये कुछ भी अनुचित नहीं है। मेरी सब बात तो विधाताने ही बना दी है। [ फिर ] उसमें प्रजा और पंच ( आपलोग ) क्यों सहायता कर रहे हैं?॥ ४॥

**दो०** 
> ग्रह ग्रहीत पुनि बात बस तेहि पुनि बीछी मार।  
> तेहि पिआइअ बारुनी कहहु काह उपचार॥१८०॥

भावार्थ: जिसे कुग्रह लगे हों [ अथवा जो पिशाचग्रस्त हो ], फिर जो वायुरोगसे पीड़ित हो और उसीको फिर बिच्छू डंक मार दे, उसको यदि मदिरा पिलायी जाय, तो कहिये यह कैसा इलाज है!॥ १८० ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-179  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-181

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
