---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 170"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-170"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 170

**चौ०** 
> नृपतनु बेद बिदित अन्हवावा। परम बिचित्र बिमानु बनावा॥  
> गहि पद भरत मातु सब राखी। रहीं रानि दरसन अभिलाषी॥१॥

भावार्थ: वेदोंमें बतायी हुई विधिसे राजाकी देहको स्नान कराया गया और परम विचित्र विमान बनाया गया। भरतजीने सब माताओंको चरण पकड़कर रखा ( अर्थात्‌ प्रार्थना करके उनको सती होनेसे रोक लिया )। वे रानियाँ भी [ श्रीरामके ] दर्शनकी अभिलाषासे रह गयीं॥१॥

**चौ०** 
> चंदन अगर भार बहु आए। अमित अनेक सुगंध सुहाए॥  
> सरजु तीर रचि चिता बनाई। जनु सुरपुर सोपान सुहाई॥२॥

भावार्थ: चन्दन और अगरके तथा और भी अनेकों प्रकारके अपार [ कपूर, गुग्गुल, केसर आदि ] सुगन्ध-द्रव्योंके बहुत-से बोझ आये। सरयूजीके तटपर सुन्दर चिता रचकर बनायी गयी, [ जो ऐसी मालूम होती थी ] मानो स्वर्गकी सुन्दर सीढ़ी हो॥२॥

**चौ०** 
> एहि बिधि दाह क्रिया सब कीन्ही। बिधिवत न्हाइ तिलांजुलि दीन्ही॥  
> सोधि सुमृति सब बेद पुराना। कीन्ह भरत दसगात बिधाना॥३॥

भावार्थ: इस प्रकार सब दाहक्रिया की गयी और सबने विधिपूर्वक स्नान करके तिलाञ्जलि दी। फिर वेद, स्मृति और पुराण सबका मत निश्चय करके उसके अनुसार भरतजीने पिताका दशगात्र-विधान ( दस दिनोंके कृत्य ) किया॥३॥

**चौ०** 
> जहँ जस मुनिबर आयसु दीन्हा। तहँ तस सहस भाँति सबु कीन्हा॥  
> भए बिसुद्ध दिए सब दाना। धेनु बाजि गज बाहन नाना॥४॥

भावार्थ: मुनिश्रेष्ठ वसिष्ठजीने जहाँ जैसी आज्ञा दी, वहाँ भरतजीने सब वैसा ही हजारों प्रकारसे किया। शुद्ध हो जानेपर [ विधिपूर्वक ] सब दान दिये। गौएँ तथा घोड़े, हाथी आदि अनेक प्रकारकी सवारियाँ,॥४॥

**दो०** 
> सिंघासन भूषन बसन अन्न धरनि धन धाम।  
> दिए भरत लहि भूमिसुर भे परिपूरन काम॥ १७० ॥

भावार्थ: सिंहासन, गहने, कपड़े, अन्न, पृथ्वी, धन और मकान भरतजीने दिये; भूदेव ब्राह्मण दान पाकर परिपूर्णकाम हो गये ( अर्थात्‌ उनकी सारी मनोकामनाएँ अच्छी तरहसे पूरी हो गयीं )॥१७०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-169  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-171

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
