---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 162"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-162"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 162

भरत-कौसल्या-संवाद और दशरथजीकी अन्त्येष्टि-क्रिया

**चौ०** 
> जब तैं कुमति कुमत जियँ ठयऊ। खंड खंड होइ हृदउ न गयऊ॥  
> बर मागत मन भइ नहिं पीरा। गरि न जीह मुहँ परेउ न कीरा॥१॥

भावार्थ: अरी कुमति! जब तूने हृदयमें यह बुरा विचार ( निश्चय ) ठाना, उसी समय तेरे हृदयके टुकड़े-टुकड़े [ क्यों ] न हो गये ? वरदान माँगते समय तेरे मनमें कुछ भी पीड़ा नहीं हुई ? तेरी जीभ गल नहीं गयी ? तेरे मुँहमें कीड़े नहीं पड़ गये ?॥ १ ॥

**चौ०** 
> भूपँ प्रतीति तोरि किमि कीन्ही। मरन काल बिधि मति हरि लीन्ही॥  
> बिधिहुँ न नारि हृदय गति जानी। सकल कपट अघ अवगुन खानी॥२॥

भावार्थ: राजाने तेरा विश्वास कैसे कर लिया ? [ जान पड़ता है, ] विधाताने मरनेके समय उनकी बुद्धि हर ली थी। स्त्रियोंके हृदयकी गति ( चाल ) विधाता भी नहीं जान सके । वह सम्पूर्ण कपट, पाप और अवगुणोंकी खान है॥ २ ॥

**चौ०** 
> सरल सुसील धरम रत राऊ। सो किमि जानै तीय सुभाऊ॥  
> अस को जीव जंतु जग माहीं। जेहि रघुनाथ प्रानप्रिय नाहीं॥३॥

भावार्थ: फिर राजा तो सीधे, सुशील और धर्मपरायण थे। वे भला, स्त्री-स्वभावको कैसे जानते ? अरे, जगत्‌के जीव-जन्तुओंमें ऐसा कौन है जिसे श्रीरघुनाथजी प्राणोंके समान प्यारे नहीं हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> भे अति अहित रामु तेउ तोही। को तू अहसि सत्य कहु मोही॥  
> जो हसि सो हसि मुहँ मसि लाई। आँखि ओट उठि बैठहि जाई॥४॥

भावार्थ: वे श्रीरामजी भी तुझे अहित हो गये ( वैरी लगे )! तू कौन है ? मुझे सच-सच कह! तू जो है, सो है, अब मुँहमें स्याही पोतकर ( मुँह काला करके ) उठकर मेरी आँखोंकी ओटमें जा बैठ॥ ४॥

**दो०** 
> राम बिरोधी हृदय तें प्रगट कीन्ह बिधि मोहि।  
> मो समान को पातकी बादि कहउँ कछु तोहि॥१६२॥

भावार्थ: विधाताने मुझे श्रीरामजीसे विरोध करनेवाले ( तेरे ) हृदयसे उत्पन्न किया [ अथवा विधाताने मुझे हृदयसे रामका विरोधी जाहिर कर दिया ]। मेरे बराबर पापी दूसरा कौन है ? मैं व्यर्थ ही तुझे कुछ कहता हूँ॥ १६२॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-161  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-163

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
