---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 149"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-149"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 149

**चौ०** 
> भूप सुमंत्रु लीन्ह उर लाई। बूड़त कछु अधार जनु पाई॥  
> सहित सनेह निकट बैठारी। पूँछत राउ नयन भरि बारी॥१॥

भावार्थ: राजाने सुमन्त्रको हृदयसे लगा लिया। मानो डूबते हुए आदमीको कुछ सहारा मिल गया हो। मन्त्रीको स्नेहके साथ पास बैठाकर नेत्रोंमें जल भरकर राजा पूछने लगे—॥१॥

**चौ०** 
> राम कुसल कहु सखा सनेही। कहँ रघुनाथु लखनु बैदेही॥  
> आने फेरि कि बनहि सिधाए। सुनत सचिव लोचन जल छाए॥२॥

भावार्थ: हे मेरे प्रेमी सखा! श्रीरामकी कुशल कहो। बताओ, श्रीराम, लक्ष्मण और जानकी कहाँ हैं? उन्हें लौटा लाये हो कि वे वनको चले गये? यह सुनते ही मन्त्रीके नेत्रोंमें जल भर आया॥२॥

**चौ०** 
> सोक बिकल पुनि पूँछ नरेसू। कहु सिय राम लखन संदेसू॥  
> राम रूप गुन सील सुभाऊ। सुमिरि सुमिरि उर सोचत राऊ॥३॥

भावार्थ: शोकसे व्याकुल होकर राजा फिर पूछने लगे—सीता, राम और लक्ष्मणका सँदेसा तो कहो। श्रीरामचन्द्रजीके रूप, गुण, शील और स्वभावको याद कर-करके राजा हृदयमें सोच करते हैं॥३॥

**चौ०** 
> राउ सुनाइ दीन्ह बनबासू। सुनि मन भयउ न हरषु हराँसू॥  
> सो सुत बिछुरत गए न प्राना। को पापी बड़ मोहि समाना॥४॥

भावार्थ: [ और कहते हैं— ] मैंने राजा होनेकी बात सुनाकर वनवास दे दिया, यह सुनकर भी जिस ( राम ) के मनमें हर्ष और विषाद नहीं हुआ, ऐसे पुत्रके बिछुड़नेपर भी मेरे प्राण नहीं गये, तब मेरे समान बड़ा पापी कौन होगा?॥४॥

**दो०** 
> सखा रामु सिय लखनु जहँ तहाँ मोहि पहुँचाउ।  
> नाहिं त चाहत चलन अब प्रान कहउँ सतिभाउ॥१४९॥

भावार्थ: हे सखा! श्रीराम, जानकी और लक्ष्मण जहाँ हैं, मुझे भी वहीं पहुँचा दो। नहीं तो मैं सत्य भावसे कहता हूँ कि मेरे प्राण अब चलना ही चाहते हैं॥१४९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-148  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-150

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
