---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 148"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-148"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 148

**चौ०** 
> अति आरति सब पूँछहिं रानी। उतरु न आव बिकल भइ बानी॥  
> सुनइ न श्रवन नयन नहिं सूझा। कहहु कहाँ नृपु तेहि तेहि बूझा॥१॥

भावार्थ: अत्यन्त आर्त होकर सब रानियाँ पूछती हैं; पर सुमन्त्रको कुछ उत्तर नहीं आता, उनकी वाणी विकल हो गयी ( रुक गयी ) है। न कानोंसे सुनायी पड़ता है और न आँखोंसे कुछ सूझता है। वे जो भी सामने आता है उस-उससे पूछते हैं—कहो, राजा कहाँ हैं ?॥ १ ॥

**चौ०** 
> दासिन्ह दीख सचिव बिकलाई। कौसल्या गृहँ गईं लवाई॥  
> जाइ सुमंत्र दीख कस राजा। अमिअ रहित जनु चंदु बिराजा॥२॥

भावार्थ: दासियाँ मन्त्रीको व्याकुल देखकर उन्हें कौसल्याजीके महलमें लिवा गयीं। सुमन्त्रने जाकर वहाँ राजाको कैसा [ बैठे ] देखा मानो बिना अमृतका चन्द्रमा हो॥ २॥

**चौ०** 
> आसन सयन बिभूषन हीना। परेउ भूमितल निपट मलीना॥  
> लेइ उसासु सोच एहि भाँती। सुरपुर तें जनु खँसेउ जजाती॥३॥

भावार्थ: राजा आसन, शय्या और आभूषणोंसे रहित बिलकुल मलिन ( उदास ) पृथ्वीपर पड़े हुए हैं। वे लंबी साँसें लेकर इस प्रकार सोच करते हैं मानो राजा ययाति स्वर्गसे गिरकर सोच कर रहे हों॥ ३ ॥

**चौ०** 
> लेत सोच भरि छिनु छिनु छाती। जनु जरि पंख परेउ संपाती॥  
> राम राम कह राम सनेही। पुनि कह राम लखन बैदेही॥४॥

भावार्थ: राजा क्षण-क्षणमें सोचसे छाती भर लेते हैं। ऐसी विकल दशा है मानो [ गीधराज जटायुका भाई ] सम्पाती पंखोंके जल जानेपर गिर पड़ा हो। राजा [ बार-बार ] ‘राम, राम’, ‘हा स्नेही ( प्यारे ) राम!’ कहते हैं, फिर ‘हा राम, हा लक्ष्मण, हा जानकी’ ऐसा कहने लगते हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> देखि सचिवँ जय जीव कहि कीन्हेउ दंड प्रनामु।  
> सुनत उठेउ ब्याकुल नृपति कहु सुमंत्र कहँ रामु॥१४८॥

भावार्थ: मन्त्रीने देखकर ‘जय जीव’ कहकर दण्डवत्-प्रणाम किया। सुनते ही राजा व्याकुल होकर उठे और बोले—सुमन्त्र! कहो, राम कहाँ हैं ?॥ १४८॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-147  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-149

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
