---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 125"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-125"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 125

श्रीराम-वाल्मीकि-संवाद

**चौ०** 
> मुनि कहुँ राम दंडवत कीन्हा। आसिरबादु बिप्रबर दीन्हा॥  
> देखि राम छबि नयन जुड़ाने। करि सनमानु आश्रमहिं आने॥१॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीने मुनिको दण्डवत् किया। विप्रश्रेष्ठ मुनिने उन्हें आशीर्वाद दिया। श्रीरामचन्द्रजीकी छवि देखकर मुनिके नेत्र शीतल हो गये। सम्मानपूर्वक मुनि उन्हें आश्रममें ले आये॥ १ ॥

**चौ०** 
> मुनिबर अतिथि प्रानप्रिय पाए। कंद मूल फल मधुर मगाए॥  
> सिय सौमित्रि राम फल खाए। तब मुनि आश्रम दिए सुहाए॥२॥

भावार्थ: श्रेष्ठ मुनि वाल्मीकिजीने प्राणप्रिय अतिथियोंको पाकर उनके लिये मधुर कन्द, मूल और फल मँगवाये। श्रीसीताजी, लक्ष्मणजी और रामचन्द्रजीने फलोंको खाया। तब मुनिने उनको [ विश्राम करनेके लिये ] सुन्दर स्थान बतला दिये॥ २ ॥

**चौ०** 
> बालमीकि मन आनँदु भारी। मंगल मूरति नयन निहारी॥  
> तब कर कमल जोरि रघुराई। बोले बचन श्रवन सुखदाई॥३॥

भावार्थ: [ मुनि श्रीरामजीके पास बैठे हैं और उनकी ] मङ्गल-मूर्तिको नेत्रोंसे देखकर वाल्मीकिजीके मनमें बड़ा भारी आनन्द हो रहा है। तब श्रीरघुनाथजी कमलसदृश हाथोंको जोड़कर, कानोंको सुख देनेवाले मधुर वचन बोले—॥ ३ ॥

**चौ०** 
> तुम्ह त्रिकाल दरसी मुनिनाथा। बिस्व बदर जिमि तुम्हरें हाथा॥  
> अस कहि प्रभु सब कथा बखानी। जेहि जेहि भाँति दीन्ह बनु रानी॥४॥

भावार्थ: हे मुनिनाथ! आप त्रिकालदर्शी हैं। सम्पूर्ण विश्व आपके लिये हथेलीपर रखे हुए बेरके समान है। प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने ऐसा कहकर फिर जिस-जिस प्रकारसे रानी कैकेयीने वनवास दिया, वह सब कथा विस्तारसे सुनायी॥ ४॥

**दो०** 
> तात बचन पुनि मातु हित भाइ भरत अस राउ।  
> मो कहुँ दरस तुम्हार प्रभु सबु मम पुन्य प्रभाउ॥१२५॥

भावार्थ: [ और कहा— ] हे प्रभो! पिताकी आज्ञा [ का पालन ], माताका हित और भरत-जैसे [ स्नेही एवं धर्मात्मा ] भाईका राजा होना और फिर मुझे आपके दर्शन होना, यह सब मेरे पुण्योंका प्रभाव है॥ १२५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-124  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-126

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
