---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 119"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-119"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 119

**चौ०** 
> फिरत नारि नर अति पछिताहीं। दैअहि दोषु देहिं मन माहीं॥  
> सहित बिषाद परसपर कहहीं। बिधि करतब उलटे सब अहहीं॥१॥

भावार्थ: लौटते हुए वे स्त्री-पुरुष बहुत ही पछताते हैं और मन-ही-मन दैवको दोष देते हैं। परस्पर [ बड़े ही ] विषादके साथ कहते हैं कि विधाताके सभी काम उलटे हैं॥१॥

**चौ०** 
> निपट निरंकुस निठुर निसंकू। जेहिं ससि कीन्ह सरुज सकलंकू॥  
> रूख कलपतरु सागरु खारा। तेहिं पठए बन राजकुमारा॥२॥

भावार्थ: वह विधाता बिलकुल निरंकुश ( स्वतन्त्र ), निर्दय और निडर है, जिसने चन्द्रमाको रोगी ( घटने-बढ़नेवाला ) और कलंकी बनाया, कल्पवृक्षको पेड़ और समुद्रको खारा बनाया। उसीने इन राजकुमारोंको वनमें भेजा है॥२॥

**चौ०** 
> जौं पै इन्हहि दीन्ह बनबासू। कीन्ह बादि बिधि भोग बिलासू॥  
> ए बिचरहिं मग बिनु पदत्राना। रचे बादि बिधि बाहन नाना॥३॥

भावार्थ: जब विधाताने इनको वनवास दिया है, तब उसने भोग-विलास व्यर्थ ही बनाये। जब ये बिना जूतेके ( नंगे ही पैरों ) रास्तेमें चल रहे हैं, तब विधाता अनेकों वाहन ( सवारियाँ ) व्यर्थ ही रचे॥३॥

**चौ०** 
> ए महि परहिं डासि कुस पाता। सुभग सेज कत सृजत बिधाता॥  
> तरुबर बास इन्हहि बिधि दीन्हा। धवल धाम रचि रचि श्रमु कीन्हा॥४॥

भावार्थ: जब ये कुश और पत्ते बिछाकर जमीनपर ही पड़े रहते हैं, तब विधाता सुन्दर सेज ( पलंग और बिछौने ) किसलिये बनाता है? विधाताने जब इनको बड़े-बड़े पेड़ों [ के नीचे ] का निवास दिया, तब उज्ज्वल महलोंको बना-बनाकर उसने व्यर्थ ही परिश्रम किया॥४॥

**दो०** 
> जौं ए मुनि पट धर जटिल सुंदर सुठि सुकुमार।  
> बिबिध भाँति भूषन बसन बादि किए करतार॥११९॥

भावार्थ: जो ये सुन्दर और अत्यन्त सुकुमार होकर मुनियोंके ( वल्कल ) वस्त्र पहनते और जटा धारण करते हैं, तो फिर करतार ( विधाता ) ने भाँति-भाँतिके गहने और कपड़े वृथा ही बनाये॥११९॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-118  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-120

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
