---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 113"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-113"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 113

**चौ०** 
> जे पुर गाँव बसहिं मग माहीं। तिन्हहि नाग सुर नगर सिहाहीं॥  
> केहि सुकृतीं केहि घरीं बसाए। धन्य पुन्यमय परम सुहाए॥१॥

भावार्थ: जो गाँव और पुरवे रास्तेमें बसे हैं, नागों और देवताओंके नगर उनको देखकर प्रशंसापूर्वक ईर्ष्या करते और ललचाते हुए कहते हैं कि किस पुण्यवान्‌ने किस शुभ घड़ीमें इनको बसाया था, जो आज ये इतने धन्य और पुण्यमय तथा परम सुन्दर हो रहे हैं॥ १ ॥

**चौ०** 
> जहँ जहँ राम चरन चलि जाहीं। तिन्ह समान अमरावति नाहीं॥  
> पुन्यपुंज मग निकट निवासी। तिन्हहि सराहहिं सुरपुरबासी॥२॥

भावार्थ: जहाँ-जहाँ श्रीरामचन्द्रजीके चरण चले जाते हैं, उनके समान इन्द्रकी पुरी अमरावती भी नहीं है। रास्तेके समीप बसनेवाले भी बड़े पुण्यात्मा हैं—स्वर्गमें रहनेवाले देवता भी उनकी सराहना करते हैं— ॥ २ ॥

**चौ०** 
> जे भरि नयन बिलोकहिं रामहि। सीता लखन सहित घनस्यामहि॥  
> जे सर सरित राम अवगाहहिं। तिन्हहि देव सर सरित सराहहिं॥३॥

भावार्थ: जो नेत्र भरकर सीताजी और लक्ष्मणजीसहित घनश्याम श्रीरामजीके दर्शन करते हैं, जिन तालाबों और नदियोंमें श्रीरामजी स्नान कर लेते हैं, देवसरोवर और देवनदियाँ भी उनकी बड़ाई करती हैं॥ ३ ॥

**चौ०** 
> जेहि तरु तर प्रभु बैठहिं जाई। करहिं कलपतरु तासु बड़ाई॥  
> परसि राम पद पदुम परागा। मानति भूमि भूरि निज भागा॥४॥

भावार्थ: जिस वृक्षके नीचे प्रभु जा बैठते हैं, कल्पवृक्ष भी उसकी बड़ाई करते हैं। श्रीरामचन्द्रजीके चरणकमलोंकी रजका स्पर्श करके पृथ्वी अपना बड़ा सौभाग्य मानती है॥ ४ ॥

**दो०** 
> छाँह करहिं घन बिबुधगन बरषहिं सुमन सिहाहिं।  
> देखत गिरि बन बिहग मृग रामु चले मग जाहिं॥११३॥

भावार्थ: रास्तेमें बादल छाया करते हैं और देवता फूल बरसाते और सिहाते हैं। पर्वत, वन और पशु-पक्षियोंको देखते हुए श्रीरामजी रास्तेमें चले जा रहे हैं॥ ११३ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-112  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-114

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
