---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 106"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-106"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 106

**चौ०** 
> को कहि सकइ प्रयाग प्रभाऊ। कलुष पुंज कुंजर मृगराऊ॥  
> अस तीरथपति देखि सुहावा। सुख सागर रघुबर सुखु पावा॥१॥

भावार्थ: पापोंके समूहरूपी हाथीके मारनेके लिये सिंहरूप प्रयागराजका प्रभाव ( महत्त्व—माहात्म्य ) कौन कह सकता है। ऐसे सुहावने तीर्थराजका दर्शन कर सुखके समुद्र रघुकुलश्रेष्ठ श्रीरामजीने भी सुख पाया॥१॥

**चौ०** 
> कहि सिय लखनहि सखहि सुनाई। श्रीमुख तीरथराज बड़ाई॥  
> करि प्रनामु देखत बन बागा। कहत महातम अति अनुरागा॥२॥

भावार्थ: उन्होंने अपने श्रीमुखसे सीताजी, लक्ष्मणजी और सखा गुहको तीर्थराजकी महिमा कहकर सुनायी। तदनन्तर प्रणाम करके, वन और बगीचोंको देखते हुए और बड़े प्रेमसे माहात्म्य कहते हुए—॥२॥

**चौ०** 
> एहि बिधि आइ बिलोकी बेनी। सुमिरत सकल सुमंगल देनी॥  
> मुदित नहाइ कीन्हि सिव सेवा। पूजि जथाबिधि तीरथ देवा॥३॥

भावार्थ: इस प्रकार श्रीरामने आकर त्रिवेणीका दर्शन किया, जो स्मरण करनेसे ही सब सुन्दर मङ्गलोंको देनेवाली है। फिर आनन्दपूर्वक [ त्रिवेणीमें ] स्नान करके शिवजीकी सेवा ( पूजा ) की और विधिपूर्वक तीर्थदेवताओंका पूजन किया॥३॥

**चौ०** 
> तब प्रभु भरद्वाज पहिं आए। करत दंडवत मुनि उर लाए॥  
> मुनि मन मोद न कछु कहि जाई। ब्रह्मानंद रासि जनु पाई॥४॥

भावार्थ: [ स्नान, पूजन आदि सब करके ] तब प्रभु श्रीरामजी भरद्वाजजीके पास आये। उन्हें दण्डवत्‌ करते हुए ही मुनिने हृदयसे लगा लिया। मुनिके मनका आनन्द कुछ कहा नहीं जाता। मानो उन्हें ब्रह्मानन्दकी राशि मिल गयी हो॥४॥

**दो०** 
> दीन्हि असीस मुनीस उर अति अनंदु अस जानि।  
> लोचन गोचर सुकृत फल मनहुँ किए बिधि आनि॥१०६॥

भावार्थ: मुनीश्वर भरद्वाजजीने आशीर्वाद दिया। उनके हृदयमें ऐसा जानकर अत्यन्त आनन्द हुआ कि आज विधाताने [ श्रीसीताजी और लक्ष्मणजीसहित प्रभु श्रीरामचन्द्रजीके दर्शन कराकर ] मानो हमारे सम्पूर्ण पुण्योंके फलको लाकर आँखोंके सामने कर दिया॥१०६॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-105  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-107

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
