---
title: "अयोध्याकाण्ड दोहा 105"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-105"
lang: "hi"
---

# अयोध्याकाण्ड · दोहा 105

प्रयाग पहुँचना, भरद्वाज-संवाद, यमुनातीरनिवासियोंका प्रेम

**चौ०** 
> तेहि दिन भयउ बिटप तर बासू। लखन सखाँ सब कीन्ह सुपासू॥  
> प्रात प्रातकृत करि रघुराई। तीरथराजु दीख प्रभु जाई॥१॥

भावार्थ: उस दिन पेड़के नीचे निवास हुआ। लक्ष्मणजी और सखा गुहने [ विश्रामकी ] सब सुव्यवस्था कर दी। प्रभु श्रीरामचन्द्रजीने सबेरे प्रातःकालकी सब क्रियाएँ करके जाकर तीर्थोंके राजा प्रयागके दर्शन किये॥१॥

**चौ०** 
> सचिव सत्य श्रद्धा प्रिय नारी। माधव सरिस मीतु हितकारी॥  
> चारि पदारथ भरा भँडारू। पुन्य प्रदेस देस अति चारू॥२॥

भावार्थ: उस राजाका सत्य मन्त्री है, श्रद्धा प्यारी स्त्री है और श्रीवेणीमाधवजी-सरीखे हितकारी मित्र हैं। चार पदार्थों ( धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष ) से भण्डार भरा है और वह पुण्यमय प्रान्त ही उस राजाका सुन्दर देश है॥२॥

**चौ०** 
> छेत्रु अगम गढ़ु गाढ़ सुहावा। सपनेहुँ नहिं प्रतिपच्छिन्ह पावा॥  
> सेन सकल तीरथ बर बीरा। कलुष अनीक दलन रनधीरा॥३॥

भावार्थ: प्रयागक्षेत्र ही दुर्गम, मजबूत और सुन्दर गढ़ ( किला ) है, जिसको स्वप्नमें भी [ पापरूपी ] शत्रु नहीं पा सके हैं। सम्पूर्ण तीर्थ ही उसके श्रेष्ठ वीर सैनिक हैं, जो पापकी सेनाको कुचल डालनेवाले और बड़े रणधीर हैं॥३॥

**चौ०** 
> संगमु सिंहासनु सुठि सोहा। छत्रु अखयबटु मुनि मनु मोहा॥  
> चवँर जमुन अरु गंग तरंगा। देखि होहिं दुख दारिद भंगा॥४॥

भावार्थ: [ गङ्गा, यमुना और सरस्वतीका ] सङ्गम ही उसका अत्यन्त सुशोभित सिंहासन है। अक्षयवट छत्र है, जो मुनियोंके भी मनको मोहित कर लेता है। यमुनाजी और गङ्गाजीकी तरंगें उसके [ श्याम और श्वेत ] चँवर हैं, जिनको देखकर ही दुःख और दरिद्रता नष्ट हो जाती है॥४॥

**दो०** 
> सेवहिं सुकृती साधु सुचि पावहिं सब मनकाम।  
> बंदी बेद पुरान गन कहहिं बिमल गुन ग्राम॥१०५॥

भावार्थ: पुण्यात्मा, पवित्र साधु उसकी सेवा करते हैं और सब मनोरथ पाते हैं। वेद और पुराणोंके समूह भाट हैं, जो उसके निर्मल गुणगणोंका बखान करते हैं॥१०५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-104  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/ayodhya-kand/doha-106

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
