---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 6b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-6b"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 6b

श्रीरामजीका आगे प्रस्थान, विराध-वध और शरभङ्ग-प्रसङ्ग

**चौ०** 
> सुनि जानकी परम सुखु पावा। सादर तासु चरन सिरु नावा॥  
> तब मुनि सन कह कृपानिधाना। आयसु होइ जाउँ बन आना॥१॥

भावार्थ: जानकीजीने सुनकर परम सुख पाया और आदरपूर्वक उनके चरणोंमें सिर नवाया। तब कृपाकी खान श्रीरामजीने मुनिसे कहा—आज्ञा हो तो अब दूसरे वनमें जाऊँ॥१॥

**चौ०** 
> संतत मो पर कृपा करेहू। सेवक जानि तजेहु जनि नेहू॥  
> धर्म धुरंधर प्रभु कै बानी। सुनि सप्रेम बोले मुनि ग्यानी॥२॥

भावार्थ: मुझपर निरन्तर कृपा करते रहियेगा और अपना सेवक जानकर स्नेह न छोड़ियेगा। धर्मधुरन्धर प्रभु श्रीरामजीके वचन सुनकर ज्ञानी मुनि प्रेमपूर्वक बोले— ॥२॥

**चौ०** 
> जासु कृपा अज सिव सनकादी। चहत सकल परमारथ बादी॥  
> ते तुम्ह राम अकाम पिआरे। दीन बंधु मृदु बचन उचारे॥३॥

भावार्थ: ब्रह्मा, शिव और सनकादि सभी परमार्थवादी ( तत्त्ववेत्ता ) जिनकी कृपा चाहते हैं, हे रामजी! आप वही निष्काम पुरुषोंके भी प्रिय और दीनोंके बन्धु भगवान्‌ हैं, जो इस प्रकार कोमल वचन बोल रहे हैं॥३॥

**चौ०** 
> अब जानी मैं श्री चतुराई। भजी तुम्हहि सब देव बिहाई॥  
> जेहि समान अतिसय नहिं कोई। ता कर सील कस न अस होई॥४॥

भावार्थ: अब मैंने लक्ष्मीजीकी चतुराई समझी, जिन्होंने सब देवताओंको छोड़कर आपहीको भजा। जिसके समान [ सब बातोंमें ] अत्यन्त बड़ा और कोई नहीं है, उसका शील भला, ऐसा क्यों न होगा?॥४॥

**चौ०** 
> केहि बिधि कहौं जाहु अब स्वामी। कहहु नाथ तुम्ह अंतरजामी॥  
> अस कहि प्रभु बिलोकि मुनि धीरा। लोचन जल बह पुलक सरीरा॥५॥

भावार्थ: मैं किस प्रकार कहूँ कि हे स्वामी! आप अब जाइये? हे नाथ! आप अन्तर्यामी हैं, आप ही कहिये। ऐसा कहकर धीर मुनि प्रभुको देखने लगे। मुनिके नेत्रोंसे [ प्रेमाश्रुओंका ] जल बह रहा है और शरीर पुलकित है॥५॥

**छं०** 
> तन पुलक निर्भर प्रेम पूरन नयन मुख पंकज दिए।  
> मन ग्यान गुन गोतीत प्रभु मैं दीख जप तप का किए॥  
> जप जोग धर्म समूह तें नर भगति अनुपम पावई।  
> रघुबीर चरित पुनीत निसि दिन दास तुलसी गावई॥

भावार्थ: मुनि अत्यन्त प्रेमसे पूर्ण हैं; उनका शरीर पुलकित है और नेत्रोंको श्रीरामजीके मुखकमलमें लगाये हुए हैं। [ मनमें विचार रहे हैं कि ] मैंने ऐसे कौन-से जप-तप किये थे, जिसके कारण मन, ज्ञान, गुण और इन्द्रियोंसे परे प्रभुके दर्शन पाये। जप, योग और धर्म-समूहसे मनुष्य अनुपम भक्तिको पाता है। श्रीरघुवीरके पवित्र चरित्रको तुलसीदास रात-दिन गाता है।

**दो०** 
> कलिमल समन दमन मन राम सुजस सुखमूल।  
> सादर सुनहिं जे तिन्ह पर राम रहहिं अनुकूल॥६ (क)॥

भावार्थ: श्रीरामचन्द्रजीका सुन्दर यश कलियुगके पापोंका नाश करनेवाला, मनको दमन करनेवाला और सुखका मूल है। जो लोग इसे आदरपूर्वक सुनते हैं, उनपर श्रीरामजी प्रसन्न रहते हैं॥६ ( क )॥

**सो०** 
> कठिन काल मल कोस धर्म न ग्यान न जोग जप।  
> परिहरि सकल भरोस रामहि भजहिं ते चतुर नर॥६ (ख)॥

भावार्थ: यह कठिन कलिकाल पापोंका खजाना है; इसमें न धर्म है, न ज्ञान है और न योग तथा जप ही है। इसमें तो जो लोग सब भरोसोंको छोड़कर श्रीरामजीको ही भजते हैं, वे ही चतुर हैं॥६ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-5b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-7

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
