---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 45"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-45"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 45

**चौ०** 
> सुनि रघुपति के बचन सुहाए। मुनि तन पुलक नयन भरि आए॥  
> कहहु कवन प्रभु कै असि रीती। सेवक पर ममता अरु प्रीती॥१॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजीके सुन्दर वचन सुनकर मुनिका शरीर पुलकित हो गया और नेत्र [ प्रेमाश्रुओंके जलसे ] भर आये। [ वे मन-ही-मन कहने लगे— ] कहो तो किस प्रभुकी ऐसी रीति है, जिसका सेवकपर इतना ममत्व और प्रेम हो॥ १ ॥

**चौ०** 
> जे न भजहिं अस प्रभु भ्रम त्यागी। ग्यान रंक नर मंद अभागी॥  
> पुनि सादर बोले मुनि नारद। सुनहु राम बिग्यान बिसारद॥२॥

भावार्थ: जो मनुष्य भ्रमको त्यागकर ऐसे प्रभुको नहीं भजते, वे ज्ञानके कंगाल, दुर्बुद्धि और अभागे हैं। फिर नारद मुनि आदरसहित बोले—हे विज्ञान-विशारद श्रीरामजी! सुनिये— ॥ २ ॥

**चौ०** 
> संतन्ह के लच्छन रघुबीरा। कहहु नाथ भव भंजन भीरा॥  
> सुनु मुनि संतन्ह के गुन कहऊँ। जिन्ह ते मैं उन्ह कें बस रहऊँ॥३॥

भावार्थ: हे रघुवीर! हे भव-भय ( जन्म-मरणके भय )-का नाश करनेवाले मेरे नाथ! अब कृपा कर संतोंके लक्षण कहिये। [ श्रीरामजीने कहा— ] हे मुनि! सुनो, मैं संतोंके गुणोंको कहता हूँ, जिनके कारण मैं उनके वशमें रहता हूँ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> षट बिकार जित अनघ अकामा। अचल अकिंचन सुचि सुखधामा॥  
> अमित बोध अनीह मितभोगी। सत्यसार कबि कोबिद जोगी॥४॥

भावार्थ: वे संत [ काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद और मत्सर—इन ] छः विकारों ( दोषों ) को जीते हुए, पापरहित, कामनारहित, निश्चल ( स्थिरबुद्धि ), अकिञ्चन ( सर्वत्यागी ), बाहर-भीतरसे पवित्र, सुखके धाम, असीम ज्ञानवान्‌, इच्छारहित, मिताहारी, सत्यनिष्ठ, कवि, विद्वान्‌, योगी,॥ ४॥

**चौ०** 
> सावधान मानद मदहीना। धीर धर्म गति परम प्रबीना॥५॥

भावार्थ: सावधान, दूसरोंको मान देनेवाले, अभिमानरहित, धैर्यवान्‌, धर्मके ज्ञान और आचरणमें अत्यन्त निपुण,॥ ५ ॥

**दो०** 
> गुनागार संसार दुख रहित बिगत संदेह।  
> तजि मम चरन सरोज प्रिय तिन्ह कहुँ देह न गेह॥४५॥

भावार्थ: गुणोंके घर, संसारके दुःखोंसे रहित और सन्देहोंसे सर्वथा छूटे हुए होते हैं। मेरे चरणकमलोंको छोड़कर उनको न देह ही प्रिय होती है, न घर ही॥ ४५ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-44  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-46b

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
