---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 44"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-44"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 44

संतोंके लक्षण और सत्संग-भजनके लिये प्रेरणा

**चौ०** 
> सुनु मुनि कह पुरान श्रुति संता। मोह बिपिन कहुँ नारि बसंता॥  
> जप तप नेम जलाश्रय झारी। होइ ग्रीषम सोषइ सब नारी॥१॥

भावार्थ: हे मुनि! सुनो, पुराण, वेद और संत कहते हैं कि मोहरूपी वन [ को विकसित करने ] के लिये स्त्री वसन्त ऋतुके समान है। जप, तप, नियमरूपी सम्पूर्ण जलके स्थानोंको स्त्री ग्रीष्मरूप होकर सर्वथा सोख लेती है॥ १ ॥

**चौ०** 
> काम क्रोध मद मत्सर भेका। इन्हहि हरषप्रद बरषा एका॥  
> दुर्बासना कुमुद समुदाई। तिन्ह कहँ सरद सदा सुखदाई॥२॥

भावार्थ: काम, क्रोध, मद और मत्सर ( डाह ) आदि मेढक हैं। इनको वर्षा-ऋतु होकर हर्ष प्रदान करनेवाली एकमात्र यही ( स्त्री ) है। बुरी वासनाएँ कुमुदोंके समूह हैं। उनको सदैव सुख देनेवाली यह शरद्‌ ऋतु है॥ २ ॥

**चौ०** 
> धर्म सकल सरसीरुह बृंदा। होइ हिम तिन्हहि दहइ सुख मंदा॥  
> पुनि ममता जवास बहुताई। पलुहइ नारि सिसिर रितु पाई॥३॥

भावार्थ: समस्त धर्म कमलोंके झुंड हैं। यह नीच ( विषयजन्य ) सुख देनेवाली स्त्री हिम-ऋतु होकर उन्हें जला डालती है। फिर ममतारूपी जवासका समूह ( वन ) स्त्रीरूपी शिशिर-ऋतुको पाकर हरा-भरा हो जाता है॥ ३ ॥

**चौ०** 
> पाप उलूक निकर सुखकारी। नारि निबिड़ रजनी अँधिआरी॥  
> बुधि बल सील सत्य सब मीना। बनसी सम त्रिय कहहिं प्रबीना॥४॥

भावार्थ: पापरूपी उल्लुओंके समूहके लिये यह स्त्री सुख देनेवाली घोर अन्धकारमयी रात्रि है। बुद्धि, बल, शील और सत्य—ये सब मछलियाँ हैं और उन [ को फँसाकर नष्ट करने ] के लिये स्त्री बंसीके समान है, चतुर पुरुष ऐसा कहते हैं॥ ४ ॥

**दो०** 
> अवगुन मूल सूलप्रद प्रमदा सब दुख खानि।  
> ताते कीन्ह निवारन मुनि मैं यह जियँ जानि॥४४॥

भावार्थ: युवती स्त्री अवगुणोंकी मूल, पीड़ा देनेवाली और सब दुःखोंकी खान है। इसलिये हे मुनि! मैंने जीमें ऐसा जानकर तुमको विवाह करनेसे रोका था॥ ४४ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-43  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-45

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
