---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 40"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-40"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 40

नारद-राम-संवाद

**चौ०** 
> बिकसे सरसिज नाना रंगा। मधुर मुखर गुंजत बहु भृंगा॥  
> बोलत जलकुक्कुट कलहंसा। प्रभु बिलोकि जनु करत प्रसंसा॥१॥

भावार्थ: उसमें रंग-बिरंगे कमल खिले हुए हैं। बहुत-से भौंरे मधुर स्वरसे गुंजार कर रहे हैं। जलके मुर्गे और राजहंस बोल रहे हैं, मानो प्रभुको देखकर उनकी प्रशंसा कर रहे हों॥ १ ॥

**चौ०** 
> चक्रबाक बक खग समुदाई। देखत बनइ बरनि नहिं जाई॥  
> सुंदर खग गन गिरा सुहाई। जात पथिक जनु लेत बोलाई॥२॥

भावार्थ: चक्रवाक, बगुले आदि पक्षियोंका समुदाय देखते ही बनता है, उनका वर्णन नहीं किया जा सकता। सुन्दर पक्षियोंकी बोली बड़ी सुहावनी लगती है, मानो [ रास्तेमें ] जाते हुए पथिकको बुलाये लेती हो॥ २ ॥

**चौ०** 
> ताल समीप मुनिन्ह गृह छाए। चहु दिसि कानन बिटप सुहाए॥  
> चंपक बकुल कदंब तमाला। पाटल पनस परास रसाला॥३॥

भावार्थ: उस झील ( पंपासरोवर ) के समीप मुनियोंने आश्रम बना रखे हैं। उसके चारों ओर वनके सुन्दर वृक्ष हैं। चम्पा, मौलसिरी, कदम्ब, तमाल, पाटल, कटहल, ढाक और आम आदि— ॥ ३ ॥

**चौ०** 
> नव पल्लव कुसुमित तरु नाना। चंचरीक पटली कर गाना॥  
> सीतल मंद सुगंध सुभाऊ। संतत बहइ मनोहर बाऊ॥४॥

भावार्थ: बहुत प्रकारके वृक्ष नये-नये पत्तों और [ सुगन्धित ] पुष्पोंसे युक्त हैं, [ जिनपर ] भौंरोंके समूह गुंजार कर रहे हैं। स्वभावसे ही शीतल, मन्द, सुगन्धित एवं मनको हरनेवाली हवा सदा बहती रहती है॥ ४ ॥

**चौ०** 
> कुहू कुहू कोकिल धुनि करहीं। सुनि रव सरस ध्यान मुनि टरहीं॥५॥

भावार्थ: कोयलें ‘कुहू’ ‘कुहू’ का शब्द कर रही हैं। उनकी रसीली बोली सुनकर मुनियोंका भी ध्यान टूट जाता है॥ ५ ॥

**दो०** 
> फल भारन नमि बिटप सब रहे भूमि निअराइ।  
> पर उपकारी पुरुष जिमि नवहिं सुसंपति पाइ॥४०॥

भावार्थ: फलोंके बोझसे झुककर सारे वृक्ष पृथ्वीके पास आ लगे हैं, जैसे परोपकारी पुरुष बड़ी सम्पत्ति पाकर [ विनयसे ] झुक जाते हैं॥४०॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-39b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-41

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
