---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 39b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-39b"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 39b

**चौ०** 
> गुनातीत सचराचर स्वामी। राम उमा सब अंतरजामी॥  
> कामिन्ह कै दीनता देखाई। धीरन्ह कें मन बिरति दृढ़ाई॥१॥

भावार्थ: [ शिवजी कहते हैं— ] हे पार्वती! श्रीरामचन्द्रजी गुणातीत ( तीनों गुणोंसे परे), चराचर जगत्‌के स्वामी और सबके अन्तरकी जाननेवाले हैं। [ उपर्युक्त बातें कहकर ] उन्होंने कामी लोगोंकी दीनता ( बेबसी ) दिखलायी है और धीर ( विवेकी ) पुरुषोंके मनमें वैराग्यको दृढ़ किया है॥ १ ॥

**चौ०** 
> क्रोध मनोज लोभ मद माया। छूटहिं सकल राम कीं दाया॥  
> सो नर इंद्रजाल नहिं भूला। जा पर होइ सो नट अनुकूला॥२॥

भावार्थ: क्रोध, काम, लोभ, मद और माया—ये सभी श्रीरामजीकी दयासे छूट जाते हैं। वह नट ( नटराजभगवान्‌ ) जिसपर प्रसन्न होता है, वह मनुष्य इन्द्रजाल ( माया ) में नहीं भूलता॥ २ ॥

**चौ०** 
> उमा कहउँ मैं अनुभव अपना। सत हरि भजनु जगत सब सपना॥  
> पुनि प्रभु गए सरोबर तीरा। पंपा नाम सुभग गंभीरा॥३॥

भावार्थ: हे उमा! मैं तुम्हें अपना अनुभव कहता हूँ—हरिका भजन ही सत्य है, यह सारा जगत्‌ तो स्वप्न [ की भाँति झूठा ] है। फिर प्रभु श्रीरामजी पंपा नामक सुन्दर और गहरे सरोवरके तीरपर गये॥ ३ ॥

**चौ०** 
> संत हृदय जस निर्मल बारी। बाँधे घाट मनोहर चारी॥  
> जहँ तहँ पिअहिं बिबिध मृग नीरा। जनु उदार गृह जाचक भीरा॥४॥

भावार्थ: उसका जल संतोंके हृदय-जैसा निर्मल है। मनको हरनेवाले सुन्दर चार घाट बँधे हुए हैं। भाँति-भाँतिके पशु जहाँ-तहाँ जल पी रहे हैं। मानो उदार दानी पुरुषोंके घर याचकोंकी भीड़ लगी हो!॥ ४ ॥

**दो०** 
> पुरइनि सघन ओट जल बेगि न पाइअ मर्म।  
> मायाछन्न न देखिऐ जैसें निर्गुन ब्रह्म॥३९ (क)॥

भावार्थ: घनी पुरइनों ( कमलके पत्तों )-की आड़में जलका जल्दी पता नहीं मिलता। जैसे मायासे ढके रहनेके कारण निर्गुण ब्रह्म नहीं दीखता॥ ३९ ( क )॥

**दो०** 
> सुखी मीन सब एकरस अति अगाध जल माहिं।  
> जथा धर्मसीलन्ह के दिन सुख संजुत जाहिं॥३९ (ख)॥

भावार्थ: उस सरोवरके अत्यन्त अथाह जलमें सब मछलियाँ सदा एकरस ( एक समान ) सुखी रहती हैं। जैसे धर्मशील पुरुषोंके सब दिन सुखपूर्वक बीतते हैं॥ ३९ ( ख )॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-38b  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-40

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
