---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 34"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-34"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 34

शबरीपर कृपा, नवधा भक्ति-उपदेश और पम्पासरकी ओर प्रस्थान

**चौ०** 
> सापत ताड़त परुष कहंता। बिप्र पूज्य अस गावहिं संता॥  
> पूजिअ बिप्र सील गुन हीना। सूद्र न गुन गन ग्यान प्रबीना॥१॥

भावार्थ: शाप देता हुआ, मारता हुआ और कठोर वचन कहता हुआ भी ब्राह्मण पूजनीय है, ऐसा संत कहते हैं। शील और गुणसे हीन भी ब्राह्मण पूजनीय है। और गुणगणोंसे युक्त और ज्ञानमें निपुण भी शूद्र पूजनीय नहीं है॥१॥

**चौ०** 
> कहि निज धर्म ताहि समुझावा। निज पद प्रीति देखि मन भावा॥  
> रघुपति चरन कमल सिरु नाई। गयउ गगन आपनि गति पाई॥२॥

भावार्थ: श्रीरामजीने अपना धर्म ( भागवत-धर्म ) कहकर उसे समझाया। अपने चरणोंमें प्रेम देखकर वह उनके मनको भाया। तदनन्तर श्रीरघुनाथजीके चरणकमलोंमें सिर नवाकर वह अपनी गति ( गन्धर्वका स्वरूप ) पाकर आकाशमें चला गया॥२॥

**चौ०** 
> ताहि देइ गति राम उदारा। सबरी कें आश्रम पगु धारा॥  
> सबरी देखि राम गृहँ आए। मुनि के बचन समुझि जियँ भाए॥३॥

भावार्थ: उदार श्रीरामजी उसे गति देकर शबरीजीके आश्रममें पधारे। शबरीजीने श्रीरामचन्द्रजीको घरमें आये देखा, तब मुनि मतङ्गजीके वचनोंको याद करके उनका मन प्रसन्न हो गया॥ ३ ॥

**चौ०** 
> सरसिज लोचन बाहु बिसाला। जटा मुकुट सिर उर बनमाला॥  
> स्याम गौर सुंदर दोउ भाई। सबरी परी चरन लपटाई॥४॥

भावार्थ: कमल-सदृश नेत्र और विशाल भुजावाले, सिरपर जटाओंका मुकुट और हृदयपर वनमाला धारण किये हुए सुन्दर साँवले और गोरे दोनों भाइयोंके चरणोंमें शबरीजी लिपट पड़ीं॥ ४॥

**चौ०** 
> प्रेम मगन मुख बचन न आवा। पुनि पुनि पद सरोज सिर नावा॥  
> सादर जल लै चरन पखारे। पुनि सुंदर आसन बैठारे॥५॥

भावार्थ: वे प्रेममें मग्न हो गयीं, मुखसे वचन नहीं निकलता। बार-बार चरण-कमलोंमें सिर नवा रही हैं। फिर उन्होंने जल लेकर आदरपूर्वक दोनों भाइयोंके चरण धोये और फिर उन्हें सुन्दर आसनोंपर बैठाया॥ ५ ॥

**दो०** 
> कंद मूल फल सुरस अति दिए राम कहुँ आनि।  
> प्रेम सहित प्रभु खाए बारंबार बखानि॥३४॥

भावार्थ: उन्होंने अत्यन्त रसीले और स्वादिष्ट कन्द, मूल और फल लाकर श्रीरामजीको दिये। प्रभुने बार-बार प्रशंसा करके उन्हें प्रेमसहित खाया॥ ३४ ॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-33  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-35

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
