---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 33"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-33"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 33

**चौ०** 
> कोमल चित अति दीनदयाला। कारन बिनु रघुनाथ कृपाला॥  
> गीध अधम खग आमिष भोगी। गति दीन्ही जो जाचत जोगी॥ १ ॥

भावार्थ: श्रीरघुनाथजी अत्यन्त कोमल चित्तवाले, दीनदयालु और बिना ही कारण कृपालु हैं। गीध [ पक्षियोंमें भी ] अधम पक्षी और मांसाहारी था, उसको भी वह दुर्लभ गति दी, जिसे योगीजन माँगते रहते हैं॥१॥

**चौ०** 
> सुनहु उमा ते लोग अभागी। हरि तजि होहिं बिषय अनुरागी॥  
> पुनि सीतहि खोजत द्वौ भाई। चले बिलोकत बन बहुताई॥ २ ॥

भावार्थ: [ शिवजी कहते हैं— ] हे पार्वती! सुनो, वे लोग अभागे हैं जो भगवान्‌को छोड़कर विषयोंसे अनुराग करते हैं। फिर दोनों भाई सीताजीको खोजते हुए आगे चले। वे वनकी सघनता देखते जाते हैं॥२॥

**चौ०** 
> संकुल लता बिटप घन कानन। बहु खग मृग तहँ गज पंचानन॥  
> आवत पंथ कबंध निपाता। तेहिं सब कही साप कै बाता॥ ३ ॥

भावार्थ: वह सघन वन लताओं और वृक्षोंसे भरा है। उसमें बहुत-से पक्षी, मृग, हाथी और सिंह रहते हैं। श्रीरामजीने रास्तेमें आते हुए कबंध राक्षसको मार डाला। उसने अपने शापकी सारी बात कही॥३॥

**चौ०** 
> दुरबासा मोहि दीन्ही सापा। प्रभु पद पेखि मिटा सो पापा॥  
> सुनु गंधर्ब कहउँ मैं तोही। मोहि न सोहाइ ब्रह्मकुल द्रोही॥ ४ ॥

भावार्थ: [ वह बोला— ] दुर्वासाजीने मुझे शाप दिया था। अब प्रभुके चरणोंको देखनेसे वह पाप मिट गया। [ श्रीरामजीने कहा— ] हे गन्धर्व! सुनो, मैं तुम्हें कहता हूँ, ब्राह्मणकुलसे द्रोह करनेवाला मुझे नहीं सुहाता॥४॥

**दो०** 
> मन क्रम बचन कपट तजि जो कर भूसुर सेव।  
> मोहि समेत बिरंचि सिव बस ताकें सब देव॥ ३३ ॥

भावार्थ: मन, वचन और कर्मसे कपट छोड़कर जो भूदेव ब्राह्मणोंकी सेवा करता है, मुझसमेत ब्रह्मा, शिव आदि सब देवता उसके वशमें हो जाते हैं॥३३॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-32  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-34

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
