---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 29b"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-29b"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 29b

श्रीरामजीका विलाप, जटायुका प्रसंग

**चौ०** 
> हा जग एक बीर रघुराया। केहिं अपराध बिसारेहु दाया॥  
> आरति हरन सरन सुखदायक। हा रघुकुल सरोज दिननायक॥१॥

भावार्थ: [ सीताजी विलाप कर रही थीं— ] हा जगत्‌के अद्वितीय वीर श्रीरघुनाथजी! आपने किस अपराधसे मुझपर दया भुला दी। हे दुःखोंके हरनेवाले, हे शरणागतको सुख देनेवाले, हा रघुकुलरूपी कमलके सूर्य!॥१॥

**चौ०** 
> हा लछिमन तुम्हार नहिं दोसा। सो फलु पायउँ कीन्हेउँ रोसा॥  
> बिबिध बिलाप करति बैदेही। भूरि कृपा प्रभु दूरि सनेही॥२॥

भावार्थ: हा लक्ष्मण! तुम्हारा दोष नहीं है। मैंने क्रोध किया, उसका फल पाया। श्रीजानकीजी बहुत प्रकारसे विलाप कर रही हैं—[ हाय! ] प्रभुकी कृपा तो बहुत है, परन्तु वे स्नेही प्रभु बहुत दूर रह गये हैं॥२॥

**चौ०** 
> बिपति मोरि को प्रभुहि सुनावा। पुरोडास चह रासभ खावा॥  
> सीता कै बिलाप सुनि भारी। भए चराचर जीव दुखारी॥३॥

भावार्थ: प्रभुको मेरी यह विपत्ति कौन सुनावे? यज्ञके अन्नको गदहा खाना चाहता है। सीताजीका भारी विलाप सुनकर जड़-चेतन सभी जीव दुःखी हो गये॥३॥

**चौ०** 
> गीधराज सुनि आरत बानी। रघुकुलतिलक नारि पहिचानी॥  
> अधम निसाचर लीन्हें जाई। जिमि मलेछ बस कपिला गाई॥४॥

भावार्थ: गृध्रराज जटायुने सीताजीकी दुःखभरी वाणी सुनकर पहचान लिया कि ये रघुकुलतिलक श्रीरामचन्द्रजीकी पत्नी हैं। [ उसने देखा कि ] नीच राक्षस इनको [ बुरी तरह ] लिये जा रहा है, जैसे कपिला गाय म्लेच्छके पाले पड़ गयी हो॥४॥

**चौ०** 
> सीते पुत्रि करसि जनि त्रासा। करिहउँ जातुधान कर नासा॥  
> धावा क्रोधवंत खग कैसें। छूटइ पबि परबत कहुँ जैसें॥५॥

भावार्थ: [ वह बोला— ] हे सीते पुत्री! भय मत कर। मैं इस राक्षसका नाश करूँगा। [ यह कहकर ] वह पक्षी क्रोधमें भरकर कैसे दौड़ा, जैसे पर्वतकी ओर वज्र छूटता हो॥५॥

**चौ०** 
> रे रे दुष्ट ठाढ़ किन होही। निर्भय चलेसि न जानेहि मोही॥  
> आवत देखि कृतांत समाना। फिरि दसकंधर कर अनुमाना॥६॥

भावार्थ: [ उसने ललकारकर कहा— ] रे रे दुष्ट! खड़ा क्यों नहीं होता? निडर होकर चल दिया! मुझे तूने नहीं जाना? उसको यमराजके समान आता हुआ देखकर रावण घूमकर मनमें अनुमान करने लगा—॥६॥

**चौ०** 
> की मैनाक कि खगपति होई। मम बल जान सहित पति सोई॥  
> जाना जरठ जटायू एहा। मम कर तीरथ छाँड़िहि देहा॥७॥

भावार्थ: यह या तो मैनाक पर्वत है या पक्षियोंका स्वामी गरुड़। पर वह ( गरुड़ ) तो अपने स्वामी विष्णुसहित मेरे बलको जानता है! [ कुछ पास आनेपर ] रावणने उसे पहचान लिया [ और बोला— ] यह तो बूढ़ा जटायु है! यह मेरे हाथरूपी तीर्थमें शरीर छोड़ेगा॥७॥

**चौ०** 
> सुनत गीध क्रोधातुर धावा। कह सुनु रावन मोर सिखावा॥  
> तजि जानकिहि कुसल गृह जाहू। नाहिं त अस होइहि बहुबाहू॥८॥

भावार्थ: यह सुनते ही गीध क्रोधमें भरकर बड़े वेगसे दौड़ा और बोला— रावण! मेरी सिखावन सुन। जानकीजीको छोड़कर कुशलपूर्वक अपने घर चला जा। नहीं तो हे बहुत भुजाओंवाले! ऐसा होगा कि —॥८॥

**चौ०** 
> राम रोष पावक अति घोरा। होइहि सकल सलभ कुल तोरा॥  
> उतरु न देत दसानन जोधा। तबहिं गीध धावा करि क्रोधा॥९॥

भावार्थ: श्रीरामजीके क्रोधरूपी अत्यन्त भयानक अग्निमें तेरा सारा वंश पतिंगा [ होकर भस्म ] हो जायगा। योद्धा रावण कुछ उत्तर नहीं देता। तब गीध क्रोध करके दौड़ा॥९॥

**चौ०** 
> धरि कच बिरथ कीन्ह महि गिरा। सीतहि राखि गीध पुनि फिरा॥  
> चोचन्ह मारि बिदारेसि देही। दंड एक भइ मुरुछा तेही॥१०॥

भावार्थ: उसने [ रावणके ] बाल पकड़कर उसे रथके नीचे उतार लिया, रावण पृथ्वीपर गिर पड़ा। गीध सीताजीको एक ओर बैठाकर फिर लौटा और चोंचोंसे मार-मारकर रावणके शरीरको विदीर्ण कर डाला। इससे उसे एक घड़ीके लिये मूर्च्छा हो गयी॥१०॥

**चौ०** 
> तब सक्रोध निसिचर खिसिआना। काढ़ेसि परम कराल कृपाना॥  
> काटेसि पंख परा खग धरनी। सुमिरि राम करि अदभुत करनी॥ ११॥

भावार्थ: तब खिसियाये हुए रावणने क्रोधयुक्त होकर अत्यन्त भयानक कटार निकाली और उससे जटायुके पंख काट डाले। पक्षी ( जटायु ) श्रीरामजीकी अद्भुत लीलाका स्मरण करके पृथ्वीपर गिर पड़ा॥११॥

**चौ०** 
> सीतहि जान चढ़ाइ बहोरी। चला उताइल त्रास न थोरी॥  
> करति बिलाप जाति नभ सीता। ब्याध बिबस जनु मृगी सभीता॥१२॥

भावार्थ: सीताजीको फिर रथपर चढ़ाकर रावण बड़ी उतावलीके साथ चला, उसे भय कम न था। सीताजी आकाशमें विलाप करती हुई जा रही हैं। मानो व्याधके वशमें पड़ी हुई ( जालमें फँसी हुई ) कोई भयभीत हिरनी हो!॥१२॥

**चौ०** 
> गिरि पर बैठे कपिन्ह निहारी। कहि हरि नाम दीन्ह पट डारी॥  
> एहि बिधि सीतहि सो लै गयऊ। बन असोक महँ राखत भयऊ॥१३॥

भावार्थ: पर्वतपर बैठे हुए बंदरोंको देखकर सीताजीने हरिनाम लेकर वस्त्र डाल दिया। इस प्रकार वह सीताजीको ले गया और उन्हें अशोकवनमें जा रखा॥१३॥

**दो०** 
> हारि परा खल बहु बिधि भय अरु प्रीति देखाइ।  
> तब असोक पादप तर राखिसि जतन कराइ॥२९ (क)॥

भावार्थ: सीताजीको बहुत प्रकारसे भय और प्रीति दिखलाकर जब वह दुष्ट हार गया, तब उन्हें यत्न कराके ( सब व्यवस्था ठीक कराके ) अशोक-वृक्षके नीचे रख दिया॥२९(क)॥

**दो०** 
> जेहि बिधि कपट कुरंग सँग धाइ चले श्रीराम।  
> सो छबि सीता राखि उर रटति रहति हरिनाम॥२९ (ख)॥

भावार्थ: जिस प्रकार कपटमृगके साथ श्रीरामजी दौड़ चले थे, उसी छविको हृदयमें रखकर वे हरिनाम ( रामनाम ) रटती रहती हैं॥२९(ख)॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-28  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-30

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
