---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 24"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-24"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 24

**चौ०** 
> सुनहु प्रिया ब्रत रुचिर सुसीला। मैं कछु करबि ललित नरलीला॥  
> तुम्ह पावक महुँ करहु निवासा। जौ लगि करौं निसाचर नासा॥१॥

भावार्थ: हे प्रिये! हे सुन्दर पातिव्रत-धर्मका पालन करनेवाली सुशीले! सुनो! मैं अब कुछ मनोहर मनुष्यलीला करूँगा। इसलिये जबतक मैं राक्षसोंका नाश करूँ, तबतक तुम अग्निमें निवास करो॥१॥

**चौ०** 
> जबहिं राम सब कहा बखानी। प्रभु पद धरि हियँ अनल समानी॥  
> निज प्रतिबिंब राखि तहँ सीता। तैसइ सील रूप सुबिनीता॥२॥

भावार्थ: श्रीरामजीने ज्यों ही सब समझाकर कहा, त्यों ही श्रीसीताजी प्रभुके चरणोंको हृदयमें धरकर अग्निमें समा गयीं। सीताजीने अपनी ही छायामूर्ति वहाँ रख दी, जो उनके-जैसे ही शील-स्वभाव और रूपवाली तथा वैसे ही विनम्र थी॥२॥

**चौ०** 
> लछिमनहूँ यह मरमु न जाना। जो कछु चरित रचा भगवाना॥  
> दसमुख गयउ जहाँ मारीचा। नाइ माथ स्वारथ रत नीचा॥३॥

भावार्थ: भगवान्‌ने जो कुछ लीला रची, इस रहस्यको लक्ष्मणजीने भी नहीं जाना। स्वार्थपरायण और नीच रावण वहाँ गया जहाँ मारीच था और उसको सिर नवाया॥३॥

**चौ०** 
> नवनि नीच कै अति दुखदाई। जिमि अंकुस धनु उरग बिलाई॥  
> भयदायक खल कै प्रिय बानी। जिमि अकाल के कुसुम भवानी॥४॥

भावार्थ: नीचका झुकना ( नम्रता ) भी अत्यन्त दुःखदायी होता है। जैसे अङ्कुश, धनुष, साँप और बिल्लीका झुकना। हे भवानी! दुष्टकी मीठी वाणी भी [ उसी प्रकार ] भय देनेवाली होती है, जैसे बिना ऋतुके फूल!॥४॥

**दो०** 
> करि पूजा मारीच तब सादर पूछी बात।  
> कवन हेतु मन ब्यग्र अति अकसर आयहु तात॥२४॥

भावार्थ: तब मारीचने उसकी पूजा करके आदरपूर्वक बात पूछी—हे तात! आपका मन किस कारण इतना अधिक व्यग्र है और आप अकेले आये हैं?॥२४॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-23  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-25

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
