---
title: "अरण्यकाण्ड दोहा 15"
canonical: "https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-15"
lang: "hi"
---

# अरण्यकाण्ड · दोहा 15

**चौ०** 
> थोरेहि महँ सब कहउँ बुझाई। सुनहु तात मति मन चित लाई॥  
> मैं अरु मोर तोर तैं माया। जेहिं बस कीन्हे जीव निकाया॥१॥

भावार्थ: ( श्रीरामजीने कहा— ) हे तात! मैं थोड़ेहीमें सब समझाकर कहे देता हूँ। तुम मन, चित्त और बुद्धि लगाकर सुनो। मैं और मेरा, तू और तेरा—यही माया है, जिसने समस्त जीवोंको वशमें कर रखा है॥१॥

**चौ०** 
> गो गोचर जहँ लगि मन जाई। सो सब माया जानेहु भाई॥  
> तेहि कर भेद सुनहु तुम्ह सोऊ। बिद्या अपर अबिद्या दोऊ॥२॥

भावार्थ: इन्द्रियोंके विषयोंको और जहाँतक मन जाता है, हे भाई! उस सबको माया जानना। उसके भी—एक विद्या और दूसरी अविद्या, इन दोनों भेदोंको तुम सुनो— ॥२॥

**चौ०** 
> एक दुष्ट अतिसय दुखरूपा। जा बस जीव परा भवकूपा॥  
> एक रचइ जग गुन बस जाकें। प्रभु प्रेरित नहिं निज बल ताकें॥३॥

भावार्थ: एक ( अविद्या ) दुष्ट ( दोषयुक्त ) है और अत्यन्त दुःखरूप है जिसके वश होकर जीव संसाररूपी कुएँमें पड़ा हुआ है। और एक ( विद्या ) जिसके वशमें गुण है और जो जगत्‌की रचना करती है, वह प्रभुसे ही प्रेरित होती है, उसके अपना बल कुछ भी नहीं है॥३॥

**चौ०** 
> ग्यान मान जहँ एकउ नाहीं। देख ब्रह्म समान सब माहीं॥  
> कहिअ तात सो परम बिरागी। तृन सम सिद्धि तीनि गुन त्यागी॥४॥

भावार्थ: ज्ञान वह है जहाँ ( जिसमें ) मान आदि एक भी [ दोष ] नहीं है और जो सबमें समान रूपसे ब्रह्मको देखता है। हे तात! उसीको परम वैराग्यवान्‌ कहना चाहिये जो सारी सिद्धियोंको और तीनों गुणोंको तिनकेके समान त्याग चुका हो॥४॥

[ जिसमें मान, दम्भ, हिंसा, क्षमाराहित्य, टेढ़ापन, आचार्यसेवाका अभाव, अपवित्रता, अस्थिरता, मनका निगृहीत न होना, इन्द्रियोंके विषयमें आसक्ति, अहंकार, जन्म-मृत्यु-जरा-व्याधिमय जगत्‌में सुखबुद्धि, स्त्री-पुत्र-घर आदिमें आसक्ति तथा ममता, इष्ट और अनिष्टकी प्राप्तिमें हर्ष-शोक, भक्तिका अभाव, एकान्तमें मन न लगना, विषयी मनुष्योंके संगमें प्रेम—ये अठारह न हों और नित्य अध्यात्म ( आत्मा ) में स्थिति तथा तत्त्वज्ञानके अर्थ ( तत्त्वज्ञानके द्वारा जाननेयोग्य ) परमात्माका नित्य दर्शन हो, वही ज्ञान कहलाता है। [ देखिये गीता अध्याय १३।७ से ११ ]

**दो०** 
> माया ईस न आपु कहुँ जान कहिअ सो जीव।  
> बंध मोच्छ प्रद सर्बपर माया प्रेरक सीव॥१५॥

भावार्थ: जो मायाको, ईश्वरको और अपने स्वरूपको नहीं जानता, उसे जीव कहना चाहिये। जो [ कर्मानुसार ] बन्धन और मोक्ष देनेवाला, सबसे परे और मायाका प्रेरक है वह ईश्वर है॥१५॥

Previous: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-14  
Kand: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand  
Next: https://ramayana.com/hi/ramcharitmanas/aranya-kand/doha-16

---

स्रोत: गीताप्रेस, गोरखपुर। पुस्तक खरीदें: https://gitapress.org/product/sri-ramcharitmanas-special-edition

Ramayana.com, वेदव्यास फ़ाउंडेशन। निःशुल्क, विज्ञापन रहित।
